CHHAPRA DESK – सारण जिला के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकोला स्थित खादरा नदी किनारे शीतलपट्टी-डुमरी ग्रामीण सड़क पर दिनदहाड़े अपाची बाइक सवार दो अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी से पिस्टल के बल पर दो किलोग्राम चांदी, 100 ग्राम सोने के आभूषण तथा 30 हजार रुपये नकद लूट लिए. इस घटना के विरोध में स्वर्ण व्यवसायियों ने एसएच-73 को जाम कर आक्रोश प्रदर्शन किया. इस मामले में पीड़ित व्यवसायी तरैया निवासी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि फटीदनपुर मठिया बाजार स्थित उनकी “कनक ज्वेलर्स” नामक दुकान है. आज वह दुकान खोलने के लिए घर से बाइक द्वारा निकले थे. आभूषण व नकदी से भरा बैग उन्होंने बाइक की डिक्की में रखा था. इसी दौरान तरैया भूतनाथ चौक पर एक अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी. मानवता के नाते उन्होंने युवक को बाइक पर बैठा लिया.

युवक वाईडीबीएस कॉलेज के समीप उतर गया और हरखपुरा जाने की बात कहकर चला गया. सके बाद जैसे ही व्यवसायी खादरा नदी के किनारे नवनिर्मित पुल के समीप पहुंचे, तभी उत्तर दिशा से अपाची बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें बाइक से धक्का देकर गिरा दिया तथा डिक्की से आभूषणों से भरा बैग निकालकर फरार हो गए. अपराधियों ने व्यवसायी का मोबाइल घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूर सड़क पर फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. इस घटना से आक्रोशित तरैया के स्वर्ण व्यवसायियों ने एकजुट होकर तरैया-मढ़ौरा मुख्य सड़क एसएच-73 को करीब आधे घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

मौके पर पहुंचे अपर थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार एवं जिला परिषद सदस्य हरिशंकर सिंह के पहल पर मढ़ौरा-2 के एसडीपीओ द्वारा शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन के बाद व्यवसायियों ने जाम समाप्त करवाया. स्वर्ण व्यवसायी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि एसडीपीओ ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्वर्ण व्यवसायी पुनः आंदोलन करेंगे. अपर थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के ब्यान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई तथा जगह – जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है एवं छापेमारी की जा रही है.

![]()

