GOPALGANJ DESK – गोपालगंज जिले के भोरे पुलिस ने दूसरी बार शराब पीकर हंगामा कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. जिसे नए संशोधित शराबबंदी कानून के तहत 1 साल के लिए जेल भेज दिया गया. गोपालगंज जिला के भोरे थाना क्षेत्र में यह चौथा मामला है. जिसमें किसी को शराब पीने के जुर्म में एक साल के लिए जेल भेजा गया है. बता दें कि नए कानून में पहली बार शराब पीने पर 2000 से ₹5000 तक का जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान किया गया है.

अगर वही व्यक्ति दूसरी बार शराब पीकर हंगामा करता है, तो उसे एक साल के लिए जेल जाना होगा. अभी तक पहली बार ही लोग शराब पीकर पकड़े जा रहे थे. पुलिस ने दूसरी बार शराब पीकर हंगामा कर रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया. बताया जाता है कि बंधवा गांव मे एक युवक शराब पीकर हंगामा कर रहा था, जिसकी सूचना एएसआई संजीत कुमार सिंह को मिली थी. संजीत कुमार सिंह ने मौके से युवक को पकड़ लिया. जिसकी पहचान बंतरिया घूर निवासी स्व भगवान यदाव के पुत्र राजेन्द्र यदाव के रूप में की गई.

पुलिस ने मेडिकल जांच कराई, तो शराब पीने की पुष्टि हुई. जिसके बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उसे 1 साल के लिए जेल भेज दिया गया. बता दें कि 24 जुन 2022 को भी राजेन्द्र यदाव को गिरफ्तार किया गया था. इसकी जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शराब के नशे में हंगामा करते एक युवक को गिरफ्तार किया गया था. जिसे एक साल के लिए जेल भेज दिया गया है.

साभार : आलोक कुमार
![]()

