LAKHISARAI DESK – बिहार में बेलगाम हो चुके अपराधियों ने एक बार फिर पत्रकार पर हमला किया है. हालांकि वह बाल-बाल बच गये. घटना बिहार के लखीसराय से सामने आई है. जहां दैनिक अखबार के पत्रकार अवध किशोर यादव पर अपराधियों में उस समय गोली चलाई है जब वह बाइक से जा रहे थे. बाइक सवार 3 अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी. प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने गांव धीरा से हलसी जा रहे थे.

हलसी-सिकंदरा रोड पर पहुंचते ही बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी, लेकिन हमलावरों को गोली चलाते देख अवध किशोर बचने के लिए झुक गए. ऐसे में गोली उनके बगल से निकल गई. गोलीकांड की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपितों की फोटो हासिल कर उनकी तलाश कर रही है.

पत्रकार अवध किशोर का कहना है कि 9 साल पहले 5 जुलाई 2014 को बदमाशों ने उनके पिता कामेश्वर यादव की हत्या कर दी थी. उनके पिता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित रंजीत को आजीवन कारावास की सजा हुई है. वह करीब एक महीने पहले जमानत पर बाहर आया है. अवध किशोर को आशंका है कि रंजीत ने ही उनकी हत्या की प्लानिंग की थी. हालांकि, वे हमलावरों को पहचान नहीं पाए.

एक महीने के भीतर दूसरे पत्रकार पर हमला
बता दें कि बिहार में एक महीने के भीतर यह दूसरे पत्रकार पर हमला है. इससे पहले 18 अगस्त 2023 को अररिया जिले में पत्रकार विमल कुमार यादव के घर में घुसकर 4 आरोपितों ने उनके सीने में कई गोलियां दाग दी थीं. जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी. विमल कुमार अपने भाई शशिभूषण की हत्या के इकलौते गवाह थे.

![]()

