SIWAN DESK- सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंद दिया, जिससे तीनों युवकों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई.

दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकलने में सफल रहा. वहीं इस घटना के बाद ओवरब्रिज पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश देखा गया. दुर्घटना में एक साथ 3 मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर मैरवा-सीवान मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया. मृत तीनों युवकों की पहचान सीवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के दुलिया गांव निवासी राजू मांझी के पुत्र कुंदन मांझी, रविद्र मांझी के पुत्र अमन कुमार मांझी एवं चन्द्रिका मांझी के पुत्र अमन मांझी के रूप में की गई.

शव के पहचान के बाद जैसे ही यह सूचना घरवालों को मिली घरवालों में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि तीनों युवक एक बाइक पर सवार हो कर जीरादेई से मैरवा बाजार करने जा रहे थे. तभी अनियंत्रित ट्रक ने तीनों युवकों को कुचल दिया. जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया.
![]()

