Chhapra Desk – छपरा में 4 दिनों से लापता युवक की जहर देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. इस मामले में मृतक के परिजनों के द्वारा थोड़ी देर के लिए सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया गया है. मृत युवक रिविलगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी पुण्य देव राय का 25 वर्षीय पुत्र दीपक राय बताया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 4 दिन पहले वह आम का बगीचा की रखवाली के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा.

इसी बीच शनिवार की दोपहर कोपा थाना क्षेत्र स्थित बगीचे में एक युवक को अचेत अवस्था में पाकर उसकी पहचान के बाद कोपा थाना पुलिस उसे लेकर जलालपुर उसके घर पहुंची और उस युवक को सुपुर्द कर चली गई. जब तक घर वाले उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाते तब तक उसकी मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित परिवार वालों ने ब्रह्मपुर पुल के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. वहीं सूचना के बाद रिविलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिवार वालों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा. जहां, शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया.

इस दौरान परिजनों ने बताया कि दीपक 4 दिन पहले आम का बगीचा की रखवाली के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. आज कोपा थाना पुलिस उसे अचेत अवस्था में लाकर घर पहुंचा गई और जब तक वे लोग उसे अस्पताल ले जाते तब तक उसकी मौत हो गई. उनका आरोप था कि अगर कोपा थाना पुलिस के द्वारा समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया रहता तो उसकी जान बच सकती थी.
![]()
