ट्रैक्टर से युवक को कुचलने के मामले में नामजद प्राथमिकी के बाद पुलिस ने पांच ट्रैक्टर जब्त कर चालकों को लिया हिरासत में

Chhapra Desk सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में साइड लेने के विवाद में बाइक पर ट्रैक्टर चढाने और एक युवक की मौत मामले में नामजद प्राथमिकी के बाद पुलिस हरकत में आई और पांच ट्रैक्टर को जब्त कर उनके चालकों को हिरासत में ले लिया है. जिससे कि मृतक के भाई के द्वारा उनकी पहचान की जा सके और पुलिस अग्रेतर कार्रवाई कर सके.

बता दें कि डेरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत डेरनी गांव निवासी ललन राय के 22 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार व उसका भाई नंदन कुमार बहन की शादी की तैयारी के लिए परसा बाजार मसाला पिसाने बाइक से गये थे. जहां रास्ते में ट्रैक्टर से पास लेने में विलंब होने पर कुंदन ट्रैक्टर के आगे बाइक लगाकर साइड नही देने का वजह पूछने लगा, जिस पर चालक गाली गलौज करने लगा.

जिसका विरोध करने पर चालक मारपीट पर उतारू हो गया और ट्रैक्टर पीछे करने के बाद वह गति बढ़ाकर उनकी बाइक को कुचलते हुए भाग गया. इस मामले में मृतक का भाई नंदन कुमार ने बताया कि जब तक दोनों भाई कुछ समझ पाते तब तक ट्रैक्टर चालक उन्हें कुचलते हुए चंवर से होकर भाग निकला. जहां दोनो बेहोश हो गए.

ग्रामीणों द्वारा उनको उठाकर परसा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसके भैया को मृत घोषित कर दिया. विदित हो कि अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से डेरनी थाना क्षेत्र के डेरनी गांव निवासी ललन राय के 22 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार की मौत हो गई. इस मामले में घायल उसके भाई नंदन कुमार के द्वारा ट्रैक्टर चालक पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

Loading

E-paper ब्रेकिंग न्यूज़