CHHAPRA DESK – छपरा जिले से इस समय एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े पंजाब नेशनल बैंक पर धावा बोलकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान गोली लगने से जहां बैंक के एक गार्ड की मौत हो गई. वहीं दूसरे गार्ड को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे अस्पताल के समीप की है.

इस सूचना के बाद सारण एसपी डॉ गौरव मंगला, सोनपुर एसडीपीओ अंजनी कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है. अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर लूटपाट किए जाने का पूरा वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रेलवे सोनपुर रेलवे अस्पताल के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर अचानक अपराधी पहुंचे और द्वार पर खड़े गार्ड के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों के द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग के कारण क्षेत्र में दहशत फैल गया. वहीं बैंक कर्मी और बैंक में मौजूद ग्राहक दुबक गए. जिसके बाद अपराधी पिस्तौल लहराते हुए बैंक के अंदर घुसे और बैंक के काउंटर से ₹12 लाख नकद लूट पिस्टल लहराते हुए फरार हो गये.

गंभीर रूप से जख्मी गार्ड को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के क्रम में एक गार्ड की मौत हो गई है. वहीं दूसरे गार्ड को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच रेफर किया गया है. इस घटना के बाद सोनपुर क्षेत्र पूरी तरह छावनी में तब्दील हो गया है. पुलिस सभी चौक-चौराहों को सील कर जांच अभियान चला रही है.

![]()

