Chhapra Desk – राज्य राजमार्ग संख्या-90 स्थित समपार संख्या-14 बी (महाराजगंज-मशरक) पर निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु (ROB) के गर्डर लांचिंग को लेकर राज्य मार्ग पर चलने वाले यातायात में परिवर्तन किया गया है. इस बात की जानकारी देते हुए सारण जिलाधिकारी राजेश मीणा के द्वारा बताया गया कि कार्यपालक अभियन्ता, निर्माण, पूर्वोत्तर रेलवे, बलिया के द्वारा प्राप्त सूचना के कारण उक्त कार्य हेतु दिनांक 22 मार्च लेकर 01 अप्रैल तक प्रतिदिन पूर्वाहन 9 बजे से संध्या 6 बजे तक सुरक्षा और जनहित के दृष्टिकोण से राज्य मार्ग पर चलने वाले यातायात में परिवर्तन किया गया है. छपरा-पटना से मुहम्मदपुर जाने वाला यातायात मशरक से मलमलिया होते हुए मुहम्मदपुर जायेगा तथा बेतिया एवं गोपालगंज से छपरा पटना आने वाला यातायात मुहम्मदपुर मलमलिया होते हुए मशरक जाएगा. अनुमण्डल पदाधिकारी, मढ़ौरा की अनुशंसा के आलोक में सम्यक विचारोपरान्त लोकहित में राज्य राजमार्ग संख्या 90 पर निर्धारित अवधि में यातायात पथान्तर की स्वीकृति जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा प्रदान की गई है. कार्यपालक अभियन्ता, निर्माण, पूर्वोत्तर रेलवे, बलिया को निदेश दिया गया है कि वे उपयुक्त स्थलों पर वैकल्पिक मार्ग का बोर्ड लगवाने के साथ साथ इसका व्यापक प्रचार प्रसार करवाना सुनिश्चित करेंगे ताकि जनसाधारण को असुविधा नहीं होने पाये. अनुमण्डल पदाधिकारी अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा को आदेश दिया गया है कि वे उपयुक्त स्थानों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे ताकि विधि व्यवस्था की समस्या नहीं उत्पन्न होने पाये.
![]()
