CHHAPRA DESK – छपरा जिले से इस समय एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां लूटपाट कर भाग रहे अपराधियों ने अपने आप को घिरते देख फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों की गोली से पार्षद पति गंभीर रूप से जख्मी भी हो गये. लेकिन, स्थानीय लोगों ने एक अपराधी को पकड़ लिया. जिसके बाद उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ द्वारा पकड़े गए अपराधी को भीड़ से बचाकर गिरफ्तार कर लिया.

जिसके बाद गोली लगने से जख्मी युवक एवं उस अपराधी को छपरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां गोली लगने से जख्मी वार्ड पार्षद पति को बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया गोली उनके पेट में लगी है जो कि आरपार हो चुकी है. गंभीर रूप से जख्मी वार्ड पार्षद पति दाउदपुर थाना क्षेत्र के चमरहिया गांव निवासी बबन सिंह के पुत्र सरोज कुमार सिंह बताए गए हैं. जबकि भीड़ द्वारा पकड़े गए अपराधी की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है.

दुकान लूटकर भागने के क्रम में अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार चार अपराधी दाउदपुर थाना क्षेत्र स्थित कोहरा बाजार पर पहुंचे थे, जहां उनके द्वारा किराना व्यवसायी शंकर साह के दुकान पर लूटपाट किया गया. लूटपाट के बाद अपराधी भाग रहे थे, तभी ग्रामीणों ने अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया.

इस बीच अपराधियों ने अपने आप को घिरते देख फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली स्थानीय वार्ड पार्षद पति सोनू सिंह के पेट में लग गई. इतनी देर में स्थानीय लोगों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई शुरू कर दी. इस घटना में तीन अपराधी बचकर भाग निकलने में सफल रहे हैं.

![]()

