CHHAPRA DESK – वाराणसी मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढांचे में विस्तार के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के इन्दारा- दोहरीघाट (34.8 किमी ) रेल खण्ड का आमान परिवर्तन का कार्य विद्युतीकृत बड़ी लाईन के निर्माण के साथ पूर्ण होने के पश्चात आज 31मार्च को मोहम्मद लतीफ खान रेल संरक्षा आयुक्त उत्तर पूर्वी सर्किल द्वारा संरक्षा निरीक्षण किया.

इस निरीक्षण में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एस सी श्रीवास्तव, मंडल रेल प्रबंधक (वाराणसी) रामाश्रय पाण्डेय, मुख्य इंजीनियर/निर्माण अखिलेश त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) राहुल श्रीवास्तव समेत पूर्वोत्तर रेलवे निर्माण संगठन एवं वाराणसी मंडल वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

सी आर एस निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से इंदारा पहुंचने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त मोटर ट्राली से इंदारा-दोहरीघाट रेल खण्ड पर नई बड़ी लाईन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने 5 B गेट पर बने अंडरपास का भी निरीक्षण किया और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के निमित्त संरक्षा परखी. ज्ञातव्य हो कि इन्दारा-दोहरीघाट (34.8 किमी.) मीटर गेज रेल खण्ड के आमान परिवर्तन के लिये ₹ 213.35 करोड़ स्वीकृत था, जिसमें आमान परिवर्तन परियोजना का कार्य विद्युतीकरण के साथ पूरा किया जाना था. यह परियोजना को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण की गयी है.

इस परियोजना के पूर्ण हो जाने से इन्दारा जंक्शन से कोपागंज, घोसी, अमिला एवं दोहरीघाट जाने हेतु बड़ी लाइन रेल मार्ग उपलब्ध होने के साथ ही मेन लाइन से जुड़ जाने के कारण अब माल एवं यात्री परिवहन की उत्कृष्ट सुविधा क्षेत्रीय जनता को उपलब्ध होगी, जिससे इस क्षेत्र का विकास तीव्र गति से होगा. इन्दारा-दोहरीघाट खण्ड के बड़ी लाइन में परिवर्तित हो जाने से इस क्षेत्र में सवारी गाड़ियों/माल गाड़ियों के संचलन के साथ-साथ नई गाड़ियों के संचलन का मार्ग प्रशस्त होगा एवं भविष्य में लम्बी दूरी की गाड़ियांभी भी चलाई जा सकेंगी.

इस खण्ड पर रेल यातायात खुल जाने से इन्दारा जं., कोपागंज, घोसी एवं अमिला से दोहरीघाट का आवागमन सरल हो गया है. वाराणसी मंडल के इन्दारा- दोहरीघाट (34.8 किमी ) रेल खण्ड का आमान परिवर्तन का संरक्षा निरीक्षण करने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त मो लतीफ़ खान ने इस खण्ड का स्पीड ट्रायल सफलता पूर्वक पूरा किया. इस दौरान सी आर एस स्पेशल ने 90 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार को छुआ.

![]()

