Chhapra Desk – सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी चोरवा बड़ के समीप स्कूल जा रहे पांचवी वर्ग के एक छात्र को बाईक सवार दो अपराधियों ने केरोसीन तेल छिड़कर जलाने का प्रयास किया. घायल छात्र स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी हरिकिशोर सिंह का 12 वर्षीय पुत्र शनि कुमार बताया गया है. घायल छात्र ने बताया कि वह शुक्रवार की सुबह साईकिल से अपने घर से अपने स्कूल कोंध गांव जा रहा था. वह जैसे ही अपने गांव डुमरी चंवर के समीप पहुंचा, उसरी मोरिया की तरफ से पल्सर पर सवार दो व्यक्ति आए और बाईक पर पीछे बैठा एक व्यक्ति पैर से उसके साईकिल में धक्का देकर नीचे गिरा दिया. जिसके बाद दोनो उसके साथ मारपीट करते हुए उसके शरीर पर पीले रंग के गैनल में लिए केरोसीन तेल छिड़ककर माचिस जलाकर छात्र के शरीर में आग लगाकर जलाने की कोशिश करने लगे. तबतक राहगीरों को आते देख बाईक सवार अपराधी फरार हो गए. घायल छात्र को उक्त रास्ते से स्कार्पियो से गुजर रहे चकिया निवासी नीरज कुमार सिंह ने रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां छात्र का प्राथमिक उपचार किया गया. घायल छात्र के परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही दुकान पर बैठ कर आग ताप रहे छात्र के चाचा सच्चितानंद सिंह पर अपाची सवार दो अपराधियों ने फायरिंग किया था, लेकिन गोली मिस हो जाने के कारण वह बच गए थे. अभी उस घटना के दो दिन ही हुए थे कि तीसरे दिन भतीजे पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया है. जिससे पूरा परिवार भयभीत हो गया है. थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया की अनुसंधान किया जा रहा है. शीघ्र ही घटना का उद्भेदन किया जायेगा.
![]()
