GOPALGANJ DESK – गोपालगंज जिला के बरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बतरदेह नहर सायफन के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर पुलिस ने स्मैक समेत कई एटीएम कार्ड, पास बुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट बरामद किया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव निवासी शिवजी दास के पुत्र बिट्टु दास के रूप में की गई है. घटना को लेकर बताया गया कि बरौली थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी.

जिसके बाद छापेमारी कर 539.75 ग्राम स्मैक, 4 एटीएम कार्ड, पास बुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट बरामद किया गया. बरामद स्मैक की कीमत 70 लाख बताई जा रही है. इस मामले में सदर एसडीपीओ-2 अभय रंजन ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की गई है. उसने बताया कि वह आला गांव निवासी विजयमल यादव के लिए काम करता है. जिसके बाद विजयमल के घर में छापेमारी की गई और पूछताछ की जा रही है.

![]()

