CHHAPRA DESK – धार्मिक नगरी अयोध्या को जल मार्ग से जोड़ा गया है. शीघ्र ही जल मार्ग से होकर छपरा से धार्मिक नगरी वाराणसी एवं अयोध्या तक का रोमांचपूर्ण सफर किया जा सकेगा. इसके लिए सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत सरयू नदी के रामघाट पर प्लेटफॉर्म लगाया गया है. प्लेटफॉर्म को वाराणसी से जल जहाज (जाह्नवी WB-1621) लेकर बीते दिन छपरा पहुंचा था, जहां मांझी के रामघाट पर प्लेटफार्म को सेट किया गया है. घाट पर प्लेटफार्म को सेट करने के बाद पूरी टीम पुन: जल जहाज से वाराणसी के लिए आज प्रस्थान कर गई.

उस दौरान जल जहाज के साथ आए कर्मचारियों ने बताया कि मांझी से अयोध्या के बीच जल मार्ग शुरू करने के उद्देश्य से इसे मांझी लाया गया है. भारत सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद जलमार्ग को विकसित करने के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा मांझी के रामघाट पर प्रक्रिया शुरु की गई है. विदित रहे कि महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के प्रयासों से मांझी से अयोध्या के बीच

जलमार्ग को भारत सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद कुछ दिनों पूर्व भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के डायरेक्टर एल के रजक के नेतृत्व में पहुंची उनकी टीम ने सरयू नदी राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या-40 के अंतर्गत मांझी के रामघाट का निरीक्षण कर जलमार्ग को विकसित करने के लिए सर्वे किया था. जिसके तहत अब जल मार्ग का कार्य धरातल पर भी दिखाई देने लगा है.

जल जहाज से रोमांचक यात्रा के साथ खुलेंगे रोजगार के नये अवसर
जल मार्ग से सारण और धार्मिक नगरी अयोध्या के जुड़ने के बाद जहां जल जहाज से लोगों को रोमांचक यात्रा का आनंद मिलेगा, वही रोजगार के नये अवसर भी बढ़ेंगे. बता दें कि जल मार्ग से वाराणसी होते हुए अयोध्या तक का सफर जहां रोमांचपूर्ण होगा वही इस मार्ग से रोजगार के नए अवसर भी जुड़ेंगे.

जलमार्ग का प्लेटफार्म विकसित होने के साथ जहां आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे. वहीं छपरा से अयोध्या तक और अयोध्या से छपरा तक माल की ढुलाई भी हो सकेगी और स्थानीय उत्पादों को भी एक दूसरे जगह पहुंचाया जा सकेगा.

![]()

