CHHAPRA DESK – छपरा शहर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बलगरहा गांव में बारात के दौरान अचानक हुई फायरिंग से पांच लोग जख्मी हुए हैं जिसमें चार किशोर एवं एक युवक शामिल है. गंभीर स्थिति में पांचो को छपरा सदर अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया है. फिलहाल पांचो जख्मी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. उनका उपचार एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है. जहां आईसीयू में भर्ती कराया गया है. घटना बीती देर रात्रि की बताई गई है. सभी जख्मी छपरा शहर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बलगराहा गांव निवासी बताए गए हैं. जख्मी में स्थानीय निवासी श्री राम राय के 18 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार एवं 10 वर्षीय चंदन कुमार, नागेश्वर राय का 13 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार, लक्ष्मण राय का 12 वर्षीय पुत्र राजू कुमार एवं पिंकू राय का 13 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार शामिल है.

बंदूक में गोली लोड करने के दौरान हुआ फायर
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलगरहा गांव निवासी तारकेश्वर राय के घर डोरीगंज के सिंगही गांव से बारात आई थी. बारात दरवाजे लग रही थी और इस दौरान बारात में आए एक युवक के द्वारा बंदूक में गोली लोड करने के दौरान अचानक जमीन पर ही फायर हो गया. उस दौरान वहां आसपास खड़े चार किशोर एवं एक युवक के पैर में पिलेट्स लगे हैं. जो कि अंदर तक धंसे हुए हैं. पांचो जख्मी को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया.

गोली लगने से जख्मी अमरजीत एवं अन्य ने हलचल न्यूज को बताया कि बारात में खाना खाने के बाद वे लोग घर जाने की तैयारी कर रहे थे. उसी बीच अचानक गोली चली और उन सभी के पैर में लग गई. उन्होंने बताया कि सिंह डोरीगंज थाना क्षेत्र के सिंगही गांव से आए बारात में किसी बाराती युवक के द्वारा बंदूक लिया गया था और वह समीप ही बैठा था अचानक कैसे गोली चली उन्हें पता नहीं.

क्या कहते हैं मुफस्सिल थाना अध्यक्ष
इस मामले में मुफस्सिल थाना अध्यक्ष ने बताया कि रात्रि में उन्हें सूचना मिली थी, जिसके बाद में लोग सदर अस्पताल भी पहुंचे तब तक पांचो जख्मी रेफर हो चुके थे. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. यह मामला हर्ष फायरिंग का नहीं है.

![]()

