CHHAPRA / KATIHAR DESK – छपरा शहर में ICICI (आईसीआईसीआई) बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर की गला घोटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृत मैनेजर की पहचान कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के मनिहारी शिवमुंडी गांव निवासी ओम प्रकाश चौधरी की 23 वर्षीय पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में की गई है. वह छपरा शहर के ICICI (आईसीआईसीआई) बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी. इस सूचना के बाद में मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इस घटना की सूचना उसके परिवार वालों को दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा.

किराए के कमरे से शव हुआ बरामद
अर्चना बीते 14 महीने से छपरा में नौकरी के लिए मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित खाकी मठिया स्थित एक विद्यालय के समीप किराए के मकान में रहती थी. आज वह बैंक ड्यूटी के लिए नहीं पहुंची तो उसे फोन किया गया तब उसका मोबाइल स्विच ऑफ आया. बैंक टाइम के बाद जब खोजबीन की गई तो पाया गया कि वह कमरे में मृत पड़ी हुई थी और उसके गले में फंदा डाला गया था. जिसके बाद इस बात की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा.

मृतका के भाई ने क्या कहा
इस संदर्भ में मृतका के भाई प्रदीप कुमार चौधरी ने बताया कि मेरी बहन 14 माह से छपरा के आइसीआइसीआइ बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी. वही छठ के समय कुछ लोगों के साथ झगड़ा होने की भी बात उन्होंने बताई. मृतका के कमरे में शव के पास से पुलिस ने रस्सी को भी बरामद किया है. परिजनों द्वारा बैंक कर्मी की हत्या का नाराजगी जतायी गई है.

कॉल डिटेल्स से खुलेगा राज
प्रथम दृष्टया अर्चना की मौत का कारण रस्सी से गला घोंटना प्रतीत हो रहा है. क्योंकि शव के पास से रस्सी भी बरामद किया गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराये जाने के बाद परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी. इस घटना के बाद मकान मालिक समेत आसपास के लोग हतप्रभ हैं. लोगों का कहना था कि अर्चना काफी मिलानसार स्वभाव की थी. कहीं से भी उसकी गतिविधि पर कोई संदेह नहीं था. वही मुफस्सिल पुलिस के द्वारा जांच करने के बाद उसके मोबाइल को जब्त कर लिया गया है. साथ ही पुलिस इस कांड से जुड़े कई बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.

![]()

