CHHAPRA DESK – छपरा में बेखौफ बदमाशों ने एक घर के बथान में बांधे मवेशी को चोरी करने के दौरान घर वालों को जगने पर फायरिंग कर दादा-पोते को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जिसके बाद जख्मी पोते को छपरा सदर अस्पताल से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. मामला सारण जिले के रसूलपुर थाना अंतर्गत जमालपुर गांव का है. जहां, देर रात्रि 10-12 की संख्या में पहुंचे बदमाश रामपृत महतो के घर के बथान में बंधे तीन भैंस और दो बाछा को खोलकर ले जा रहे थे. इतनी देर में रामपृत महतो की नींद खुल गई और उनके द्वारा शोर मचाया गया.

तब घर में सो रहे उनके दो पोता 18 वर्षीय पुत्र हैप्पी कुमार महतो एवं 16 वर्षीय पुत्र हनी कुमार महतो जग गए और घर से बाहर निकले तो देखा कि उनके दादा रामप्रीत महतो बदमाशों से उलझ गए हैं और बदमाश ने पीट रहे हैं. यह देखकर वह लोग उनकी तरफ दौड़े तो बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी. जिसमें एक गोली हनी कुमार महतो के हाथ में लगी है, वहीं दूसरी गोली उनके दादा के एक उंगली को पूरी तरह क्षतिग्रस्त करते हुए निकल गई. जिसके बाद आनन-फानन में तीनों को छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हैप्पी महतो और हनी महतो दोनों को बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया. जबकि रामपृत महतो का उपचार छपरा सदर अस्पताल में किया गया.

हनी आईसीयू में है भर्ती
छपरा सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर किए जाने के बाद हैप्पी और हनी दोनों को पीएमसीएच से पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. हनी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. जिसको लेकर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है. उपचार के दौरान जख्मी हैप्पी ने बताया कि देर रात जब उनके दादा रामपृत महतो घर से बाहर निकले तो देखा कि 10 से 12 लोग उनके मवेशियों को खोल रहे हैं.

तब उसके दादा ने कहा कि मेरे जीते जी मवेशी नहीं ले जा सकते हो. इतनी देर में उन लोगों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और जब उन्हें रोकने के लिए वे पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया. जिससे उसके दादा और उसके छोटे भाई को गोली लगी है. वही उनके द्वारा बंदूक के बट से मार कर उसका सिर फोड़ दिया गया. फिलहाल हनी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

क्या कहते हैं रसूलपुर थाना अध्यक्ष
इस मामले में पूछे जाने पर रसूलपुर थाना अध्यक्ष ने फायरिंग की घटना से अभिज्ञता जाहिर की है. उन्होंने बताया कि बयान दर्ज कराये जाने के बाद ही मामला सामने आयेगा कि मामला क्या है. फिलहाल उन्हें कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. फिर भी मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.

![]()

