
CHHAPRA DESK – छपरा शहर के व्यस्ततम डाक बंगला रोड स्थित पीडब्लूडी कार्यालय के समीप बारिश के कारण एक विशालकाय पेड़ अचानक उखड़ कर बीच सड़क पर गिर गया. जिससे पेंड के शाख की चपेट में आने से सारण समाहरणालय का एक परिचारी एवं एक पेंटर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वहीं परिचारी की साइकिल और पेंटर की बाइक भी पेड़ में दब गई. इस घटना के बाद शहर के मुख्य सड़क डाक बंगला रोड से पेड़ हटाने को लेकर वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन वन विभाग के विलंब के कारण 2 घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा.

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा दोनों घायलों को छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. घायलों में छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव निवासी तपेश्वर प्रसाद का पुत्र बैद्यनाथ प्रसाद तथा ईसुआपुर थाना क्षेत्र के डरवा गांव निवासी मखदूम अली के 40 वर्षीय पुत्र अहमद अली बताए गए हैं जो कि पेंटर का काम करते हैं. वही घायल बैद्यनाथ प्रसाद जिलाधिकारी कार्यालय के गोपनीय शाखा में परिचारी के पद पर कार्यरत है.

वह जिलाधिकारी आवास से कुछ कागजात लेकर कार्यालय साइकिल से जा रहे थे. उसी बीच अचानक पेड़ गिर गया और वहां से गुजर रहे राहगीरों में अफरा तफरी का माहौल हो गया. हालांकि स्थानीय दुकानदारों ने इसकी सूचना तत्काल थानाध्यक्ष को दी. वहीं स्थानीय दुकानदारों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदा अस्पताल भेज दिया जहां ड्यूटी पर तनाव चिकित्सक ने दोनों की स्थिति को देखते हुए खतरे से बाहर बताया है.

![]()

