CHHAPRA DESK – छपरा शहर के लिए अतिक्रमण एक बहुत ही बड़ी समस्या है. जिसके कारण जल निकासी से लेकर यातायात की समस्याएं उत्पन्न होती रहती है, लेकिन इस पर दूसरी समस्या उन बेरोजगार फुटपाथी दुकानदारों की है, जिनके जीने का कोई सहारा नहीं है. नगर निगम प्रशासन उनके वेंडिंग जोन पर वर्षों से सिर्फ और सिर्फ चर्चा कर रहा है. आज तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई. जिससे कि फुटपाथ की दुकानदारों को वेंडिंग जोन में बसाया जा सके. लेकिन, उनपर जिला प्रशासन का बुलडोजर चलना प्रारंभ है. आज उसी क्रम में जिला प्रशासन को सदर अस्पताल से अस्पताल चौक जाने वाले रोड में पीर बाबा के समीप आक्रोशित लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा.

हालांकि मौके पर मौजूद सदर एसडीओ संजय कुमार राय एवं अन्य मजिस्ट्रेट के द्वारा वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल भी बुला लिया गया. जिसके बाद मामला शांत हुआ, लेकिन लोगों का आक्रोश देखते बना. आज देर संध्या जिला प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंचा और अस्पताल के बाहर की सभी दुकानों को हटाया गया. वहीं कुछ लोग जो अपनी गुमटी नहीं हटा सके वैसे दो गुमटी को नगर निगम द्वारा जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर ट्रॉली पर उठाकर जब्त कर लिया गया. रात तक चले अतिक्रमण हटाओ अभियान में शहर में काफी देर तक अफरातफरी मची रही.

बता दे कि इससे पूर्व नगर थाना चौक के समीप भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस विषय पर पूछे जाने पर सदर एसडीओ संजय कुमार राय ने बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर अतिक्रमण हटाओ अभियान को नियमित रूप से चलाया जाएगा, ताकि यातायात की सुविधा को सुगम किया जा सके और जल निकासी के लिए भी समस्या उत्पन्न नहीं हो. बता दें कि नाले पर गुमटी रखने के कारण नालों की समय पर सफाई नहीं हो पाती है, जिसके कारण शहर में जल जमाव की भी समस्या बनी रहती है. हालांकि जल जमाव की समस्या का मुख्य कारण खनुआ नाला का पूरी तरह साफ-सफाई नहीं हो पाना ही है, जिस पर फिलहाल काम चल रहा है.

![]()

