
CHHAPRA DESK – सारण जिला के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए हादसों में एक महिला समेत दो व्यक्ति की मौत हुई है. पहली घटना जिले के कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांझी तथा कोपा थाना क्षेत्र की सीमा पर मरहा के समीप स्थित सोंधी नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है. मृतक की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी नन्द किशोर राम के 19 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार राम के रूप में की गई. सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे बदहवास परिजनों के रुदन-क्रन्दन से वहां का माहौल गमगीन हो गया. परिजनों ने बताया कि मृतक सूरज अपने घर का एकलौता चिराग था. उसके पिता मजदूरी करते हैं.

परिवार के भरण पोषण के लिए सूरज टोटो गाड़ी खरीदकर उसे चलाता था. सूरज टोटो गाड़ी की होने वाली आमदनी से अपने परिवार का भरण पोषण करता था. सूरज की एक छोटी बहन अभी अविवाहित है. उसकी मृत्यु पर पिता नन्द किशोर राम तथा मां का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है. बताया जा रहा है कि बीती रात्रि बाइक से घर लौट के दौरान बाइक दुर्घटना में हुआ पुल से नीचे फेंका गया था और नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई है.

सीमा विवाद के कारण घंटों बाद शव को निकाला गया
सोंधी नदी पर निर्माणाधीन सडक पुल के डायवर्सन से नदी के बीचों बीच युवक के डूबने के कारण कोपा तथा मांझी थाना पुलिस के बीच उतपन्न सीमा विवाद के कारण घण्टों बाद शव की खोजबीन शुरू हुई. कोपा थाना पुलिस का कहना था कि घटनास्थल मांझी थाना क्षेत्र में है जबकि मांझी थाना पुलिस घटना के कोपा थाना क्षेत्र में होने की बात बता रही थी. बावजूद इसके घटना की खबर मिलते ही जलालपुर के सीओ अविनाश कुमार तथा कोपा थानाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद घटना स्थल पर पहुंच कर स्थानीय गोताखोरों के सहारे शव की खोजबीन शुरू की.

सूचना पाकर मांझी थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची. मांझी थाना पुलिस के आग्रह पर मांझी नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा सिंह पहलवान की देखरेख में विधिवत शव की खोजबीन शुरू हुई और मंगलवार को दोपहर बाद नदी से शव को बरामद कर लिया गया. बाद में कोपा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. शव मिलने की सूचना पाकर घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.

वहीं, दूसरी घटना में दाउदपुर थाना क्षेत्र के सोनिया गांव निवासी परमानंद सिंह घर से स्थानीय पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में एक महिला का शव बरामद किया है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोनिया गांव के परमानंद सिंह के पुत्र वधू प्रवीण कुमार सिंह की 34 वर्षीय पत्नी पूजा देवी का शव उसके कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध अवस्था में पाया गया. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जाता है कि पूजा देवी अपने पति व दो पुत्र के साथ दिल्ली में रहती थी.

वह दिल्ली से कुछ दिन पूर्व सोनिया आई थी. इसी बीच परमानंद सिंह की माता का देहांत हो जाने के कारण श्राद्धकर्म तक के लिए रुकी हुई थी. मंगलवार को काफी देर तक उसका कमरा बंद था. परिजनों ने दरवाजा खोला तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला. उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई तो वह घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की. कुछ देर बाद हीं मृतका के माता- पिता भी सोनिया पहुंचे गए और बेटी की मौत पर बिलख- बिलख कर रोने लगे. फिलहाल पुलिस मृतका के पति को पूछताछ करने के लिए हिरासत में लिया गया है. थानाध्यक्ष नवलेश ने बताया कि मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद हीं होगा. हालांकि कुछ लोगों का कहना है की करंट लगने से उसकी मौत हुई है.

![]()

