शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस पर हमला ; थानेदार सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी ; महिलाओं ने पुलिस पर पीटने का लगाया आरोप

शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस पर हमला ; थानेदार सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी ; महिलाओं ने पुलिस पर पीटने का लगाया आरोप

CHHAPRA DESK – सारण जिला के जलालपुर थाना अंतर्गत कोठेया गांव में शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव करना शुरू कर दिया जिसके बाद देखते ही देखते पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हो गई. इस झड़प में जलालपुर थाना अध्यक्ष समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं बवाल को देखते हुए जलालपुर थाना अध्यक्ष के द्वारा बड़ी संख्या में पुलिस बल को बुलाया गया और हंगामा कर रहे लोगों को गिरफ्तार भी किया गया. वहीं पुलिस की कार्रवाई में दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

जहां उनका उपचार छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के कोठिया गांव में पुलिस शराब माफिया राजा बाबू को गिरफ्तार करने गई थी. छापेमारी के क्रम मे पुलिस व ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हो गई. उस दौरान जलालपुर थाना अध्यक्ष समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी हो गये. वहीं दर्जनों ग्रामीण भी घायल हुए हैं. जिनमें चार लोगों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं अन्य का उपचार निजी क्लीनिक में कराया गया है.

थानेदार सहित पांच पुलिसकर्मी जख्मी

ग्रामीणों से झड़प में जलालपुर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार एवं थाना के अन्य पुलिस कर्मियों में अनूप कुमार मौर्य, सुनील कुमार, सिपाही रूपम कुमारी एवं बहादुर प्रसाद यादव जख्मी हुए हैं. जिनका उपचार दिन रात्रि में ही छपरा सदर अस्पताल में कराया गया.

घायल महिलाओं ने लगाया पुलिस पर पिटाई का आरोप

पुलिस की पिटाई से जख्मी में जलालपुर थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी स्वर्गीय रामायण मांझी की 70 वर्षीय पत्नी मनकिया कुंवर, भोला मांझी की 22 वर्षीय दीपमाला कुमारी, मिथिलेश मांझी की 29 वर्षीय पत्नी पूनम देवी एवं लक्ष्मण मांझी की 28 वर्षीय पत्नी अनीला कुमारी शामिल है. इस संदर्भ में अस्पताल में इलाज के क्रम में अनीला कुमारी ने बताया की गांव मे पुलिस शराब को ले राजा बाबू को पकड़ने के लिए गई थी. जिसके बाद सभी घरों को खुलवाकर महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई. वहीं पुलिस के गाड़ी के धक्के से मानकिया कुंवर का एक पैर भी टूट गया है. उन लोगों का पुलिस पर आरोप था कि पुलिस के द्वारा महिलाओं को भी घर से खींचकर कर पीटा गया है.

क्या कहते हैं थाना अध्यक्ष

इस संदर्भ में पूछे जाने पर जलालपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि उक्त गांव में कई दशकों से शराब का कारोबार होता है. जिसको लेकर बार-बार पुलिस के द्वारा कार्रवाई भी की जाती है. कई बार उक्त गांव से शराब तस्करों को जेल भी भेजा गया है. लेकिन उसके बावजूद भी यह लोग मानने को तैयार नहीं है. वहीं उन्होंने बताया कि पुलिस शराब माफिया राजा बाबू उर्फ दहाड़ी मांझी को गिरफ्तार करने गई थी जो कि पूर्व मुखिया लक्ष्मण मांझी का भाई है. उसी के विरोध में ग्रामीणों ने पथराव किया. इस मामले में पूर्व मुखिया सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पूर्व मे भी छापेमारी टीम पर हो चुका है हमला

शराब को लेकर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर यह हमला सारण जिले के लिए कोई नई बात नहीं है. जिले में नगर थाना क्षेत्र सहित अन्य थाना क्षेत्रों में शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस बल पर शराब माफिया और कारोबारियों के द्वारा हमला किया जा चुका है. ऐसे अनेक मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है.

Loading

Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़