CHHAPRA DESK – सारण एसपी के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर साइबर ठगी करने वाले अभियुक्त को सारण पुलिस ने हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया है. प्रेस वार्ता के दौरान इस बात की जानकारी देते हुए साइबर थाना अध्यक्ष सह डीएसपी अमन ने बताया कि साइबर थाना द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के क्रम में पुलिस अधीक्षक, सारण के नाम से फेसबुक अकाउंट प्राप्त हुआ. प्राप्त अकाउंट के सत्यापान उपरांत ज्ञात हुआ कि उक्त अकाउंट फर्जी है. जिसे साइबर ठगों द्वारा लोगों से रुपए ठगी करने के लिए बनाया गया. इस संदर्भ में साइबर थाना कांड संख्या- 245/24 दर्ज है. इस कांड में तकनीकी अनुसंधान के आधार पर एक अभियुक्त को हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया गया है.

गिरफ्तार साइबर अपराधी हरियाणा के मेवात जिला अंतर्गत फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के महू गांव निवासी हसन खान का पुत्र जाकर है. वही इस कांड में उसके सहयोगियों की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार साइबर अपराधी के पास से एक मोबाइल जब्त की गई है. हरियाणा से उसे गिरफ्तार करने वाली टीम में साइबर थाना अध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक अमन एवं साइबर थाना से पुनि अश्विनी कुमार तिवारी, पुनि दिलीप कुमार, पुनि रणधीर कुमार-1, जिला आसूचना इकाई से पुनि रणधीर कुमार एवं सिपाही 275 विकास कुमार शामिल थे.

साइबर फ्रॉड के खिलाफ जागरूकता वह बचाव जरूरी : डीएसपी
साइबर डीएसपी अमन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से साइबर अपराधी अधिकारियों या चर्चित व्यक्तियों का फर्जी फेसबुक प्रोफाइल / अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स पर फेक आईडी बनाकर पैसा ऐंठने का काम जोरों पर चल रहा है. फेसबुक पर Fake (नकली) ID बनाकर आमतौर पर पहले नये फ्रेण्ड्स बनाये जाते हैं और फिर पैसों की मांग की जाती है. खासकर महत्वपूर्ण लोगों के नाम पर इस तरह की जालसाजी की जाती है. विगत दिनों पता चला है मेरे नाम और फोटो का भी दुष्प्रयोग करते हुए फेक फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पुराने फर्नीचर खरीदने के नाम पर पैसा इत्यादि मांगा जा रहा है. इससे अत्यंत सावधान रहने की जरुरत है. इसलिए आम जनता से अपील है कि वे लोग अपने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट में फ्रेंड लिस्ट फोटो वीडियो और बायोडाटा को प्राइवेट रखें. ऐसा करने से अनजान व्यक्ति आपकी प्रोफाइल देखकर उससे मिलती-जुलती फेक प्रोफाइल नहीं बना पाएगा.

![]()

