CHHAPRA DESK – छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत गुदरी बाजार एवं टक्कड़ मोड़ मोहल्ला में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है. बीती रात में भी दो घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. बताया जाता है कि दोनों गृह स्वामी शादी-विवाह के सिलसिले में घर बंद कर बाहर गए थे. आज पड़ोसियों द्वारा उनको फोन पर सूचना दी गई तो वह भागे-भागे घर पहुंचे और घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. चोरी की घटनाओं के कारण मोहल्ले वासियों में आक्रोश भर रहा है. उनकी सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल भी किया है.समाचार प्रेषण तक इस मामले में दोनों गृह स्वामियों के द्वारा थाना को आवेदन देने की प्रक्रिया की जा रही है. पीड़ित गृह स्वामी टक्कड़ मोड़ कोराड़ मोहल्ला निवासी मुन्ना कुमार महतो एवं गुदरी बाजार कोराड़ मोहल्ला निवासी स्व शिल्पी कुमार के रिश्तेदार शशि कुमार द्वारा बताया गया कि वे लोग शादी समारोह को लेकर घर बंद कर परिवार सहित बाहर गए थे.

जहां मोहल्ले वासियों के द्वारा सूचना दी गई कि उनके घर के में गेट का ताला टूटा हुआ है. वही घर के अंदर के भी ताले तोड़े गए हैं. इस चोरी की घटना में मुन्ना महतो के घर से जहां 55000 नकद समेत करीब ₹3 लाख मूल्य के सामान की चोरी की गई है. वहीं स्व शिल्पी कुमार के घर से चांदी के कुछ आभूषण सहित अन्य सामानों की चोरी की गई है, जिसका फिलहाल मिलान किया जा रहा है. बता दे की इन क्षेत्रों से 10 दिनों के अंदर करीब आधा दर्जन से अधिक घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया जा चुका है.

रात में मुंह बांध कर जाते चोरों की तस्वीर सीसीटीवी में हुई कैद
गुदरी बाजार और टक्कड़ मोड़ का कोराड़ मोहल्ला के लोगों का कहना है कि शाम के बाद मोहल्ले में नशेड़ी सक्रिय हो जाते हैं. बीते दिन गुदरी बाजार मोहल्ला निवासी शिक्षक सुनील कुमार के घर के बाहर खड़ी बाइक का भी चोरों ने ताला तोड़ दिया. हालांकि घर में महिलाओं ने सीसीटीवी में बाइक का ताला तोड़ते हुए देखा और शोर मचाते हुए घर से बाहर निकली तब तक चोर बाइक छोड़कर भाग निकले. बता दें कि कोराड़ मोहल्ला में कुछ लोगों के द्वारा घर के बाहर सीसीटीवी भी लगाया गया है जिसमें तीन लोगों की तस्वीर भी कैद हुई है जो कि रुमाल से मुंह बांधे रात्रि में उधर से गुजर रहे हैं. लोगों को आशंका है कि उन्हीं लोगों के द्वारा बीती रात में चोरी की घटना का अंजाम दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

![]()

