
CHHAPRA DESK – सारण जिला के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़खा-चिरांद मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार एक युवक को रौंद दिया. जिससे बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया. मृत व्यक्ति की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के टहल टोला गांव निवासी हरेंद्र राय का 40 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीत कुमार बाजार से वापस अपने घर बाइक से जा रहा था. वह जैसे ही पंचभीड़िया और टहल टोला के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा चिरांद से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर के चालक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे रंजीत की घटना स्थल पर ही मौत हो गई.

मृतक घर का एकलौता कमाऊ सदस्य था. उसके मौत के बाद परिजनों का रो रोकर हाल-बेहाल है. उसकी मौत के बाद पिता हरेंद्र राय, मां फूलमती देवी, पत्नी सुगंती देवी, पुत्री अंशु कुमारी, श्वेता कुमारी, पुत्र अभिषेक कुमार, विपुल कुमार, रितिक कुमार का रो-रोकर हाल-बेहाल हो गया. वहीं पत्नी सुगंती देवी अपने पति के मौत के सदमे और तीन बेटे और दो बेटियों की पढ़ाई और परवरिश की चिंता को लेकर बार-बार मूर्छित हो जा रही थी. पुलिस ने मामले में आरोपी टैक्टर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस मामले में पूर्व मुखिया उपेन्द्र प्रसाद ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को संतावना दिया है.

![]()

