पहले प्यार में फांसकर किया कोर्ट मैरेज फिर दहेज में मुंबई का फ्लैट के लिए नवविवाहिता की हत्या ; गंडक नदी में फेंके गए शव को पुलिस ने मुजफ्फरपुर से किया बरामद

 

CHHAPRA DESK  –  प्रेमी युगल का प्यार जब परवान चढ़ने लगा तो दोनों ने मुंबई कोर्ट में कोर्ट मैरेज कर लिया. उनके प्यार के आगे लड़की के घर वालों ने भी रजामंदी दे दी. लेकिन, 16 महीने में ही प्रेमिका से पत्नी बनी नवविवाहिता को अपनी जान गंवानी पर गई. पति और उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया. क्योंकि, ससुराल वाले उस लड़की के पिता के मुंबई वाले फ्लैट पर नजर थी और दहेज में उसकी मांग उनके द्वारा की जा रही थी. प्रेम प्रसंग का यह मामला मुंबई से शुरू होकर विवाह के बाद छपरा में समाप्त हुआ और उस नवविवाहिता का शव मुजफ्फरपुर के गंडकी नदी से आज बरामद किया गया है. दहेज के लिए हत्या की नामजद प्राथमिकी के पांचवें दिन शव बरामद की गई है. पूरा मामला सारण जिला के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत भटगाई गांव का है. जहां शादी के महज 16 माह बाद ससुराल वालों के द्वारा नवविवाहिता की हत्या कर शव गायब कर दिया था. मृत नवविवाहिता तरैया थाना क्षेत्र के भटगाई गांव निवासी प्रीतोस सिंह की 23 वर्षीय पत्नी रानी सिंह बताई गई है. जो कि यूपी के प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना के तुलापुर (सरायसंसारा) निवासी राघवेंद्र सिंह की पुत्री थी.

मुंबई से शुरू हुई थी कहानी

बताते चलें कि रानी परिवार सहित मुंबई में ही रहती थी, जहां वह बीकॉम करने के बाद तैयारी कर रही थी. प्रीतोस कुमार भी मुंबई के उसी कॉलोनी में रहकर एक ज्वेलरी कंपनी में काम करता था, जहां दोनों की मुलाकात के बाद प्यार परवान चढ़ा था. रानी के प्यार के आगे उसके घर वालों ने झुक कर उसकी शादी को स्वीकार किया और वहां पर धूमधाम से रिसेप्शन पार्टी भी रखी, जिसमें प्रीतोस के घर वाले भी शामिल हुए. शादी के कुछ महीने बाद प्रीतोस उसे अपने साथ घर लाया और फिर मुंबई का फ्लैट अपने नाम करवाने को लेकर विवाद में इस हत्या को अंजाम दिया गया.

पिता ने कहा मुंबई का फ्लैट बेटी के नाम ही करनी थी

बेटी के प्यार के आगे पिता झुक चुका था और उसने तय किया था कि वह फ्लैट बेटी के नाम कर देगा. लेकिन, उसके दामाद और ससुराल वाले फ्लैट अपने नाम करवाने के लिए लगातार रानी पर दबाव बना रहे थे. इसी बीच उनके द्वारा रानी की मारपीट कर हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए उसके शव को गंडकी नदी में फेंक दिया. इस घटना की सूचना के बाद लड़की के पिता छपरा पहुंचे और उनके द्वारा तरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. जिसमें यूपी के प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना के तुलापुर (सरायसंसारा) निवासी राघवेंद्र सिंह ने तरैया थाने में उसके पति प्रीतोस सिंह, सास किरण सिंह, ससुर सुरेश सिंह, ज्येष्ठ प्रीतम सिंग, जेठानी रजनी सिंह व मंझोपुर के मृतिका के पति का दोस्त कुंदन साव को नामजद किया गया है.

मृत नव विवाहिता के पिता का कहना है कि उसकी पुत्री रानी सिंह की शादी 29 अगस्त 2023 को बिहार राज्य के सारण जिले के तरैया थाना के भटगाई गांव के सुरेन्द्र सिंह का पुत्र प्रितोस सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद पति, सास, ससुर, ज्येष्ठ व जेठानी रानी को प्रताड़ित करने लगे और उसका मुम्बई में जो प्रॉपर्टी है, उसे अपने नाम करवाने का रानी पर दबाव बनाने लगे. उनकी बाते नहीं मानने पर 24 दिसम्बर को रानी की हत्या कर उसके शव को ससुराल वालों ने गायब कर दिया गया.

मुजफ्फरपुर में शव बरामद होते ही मचा कोहराम

दर्ज प्राथमिक्की के बाद पुलिस रानी के शव की बरामदगी को लेकर प्रयास में जुटी हुई थी. उसी क्रम में आज मुजफ्फरपुर जिला के पारु थाना अंतर्गत गंडकी नदी में एक महिला का शव पाया गया. इस सूचना के बाद जब शव की पहचान की गई तो वह रानी सिंह का ही निकला. जिसके बाद इस घटना की सूचना उसके मायके वालों को दी गई तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया. इस मामले में तरैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि रानी का शव मुजफ्फरपुर जिला के पारु थाना अंतर्गत गंडकी नदी से बरामद किया गया है. प्राथमिकी के बाद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वह लोग घर बंद कर फरार हो चुके हैं. शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.

Loading

267
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़