CHHAPRA DESK – सोशल मीडिया के माध्यम से एक चिकित्सक को बदनाम कर ब्लैकमेल करने की नीयत से किए गए अनर्गल और तथ्यहीन आरोप एक फेसबुकिया रिपोर्टर को महंगा पड़ गया. इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. इस संबंध में पीड़ित चिकित्सक डॉ शैलेन्द्र कुमार द्वारा साइबर थाना को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है. जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है. आवेदन में चिकित्सक ने आरोप लगाया है कि Chhapra News नामक सोशल मीडिया जो समाचार आधारित पोस्ट के रूप अपनी पहचान बताता है. उसके संचालक द्वारा अपने फेसबुक आईडी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करते हुए उनके खिलाफ लगातार झूठे, भ्रामक और अपमानजनक पोस्ट साझा किया है.

इन पोस्टों के माध्यम से न केवल उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है, बल्कि मानसिक दबाव बनाकर अवैध लाभ वसूलने की मंशा भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है. पीड़ित का कहना है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत तथ्यों के साथ खबर प्रस्तुत किया है, ताकि समाज में उनकी छवि धूमिल हो और भय का माहौल बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा सके. इस तरह की गतिविधियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता और सोशल मीडिया की मर्यादा के भी खिलाफ हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार,

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. सोशल मीडिया पोस्ट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का प्रयोग जिम्मेदारी के साथ करें और बिना सत्यापन किसी के खिलाफ आरोप लगाने से बचें, अन्यथा उन्हें कानून का सामना करना पड़ सकता है.

![]()

