फिर वर्दी हुई दागदार ; चोर को पकड़ने गई पुलिस खुद बन गई चोर ; थानाध्यक्ष व दारोगा निलंबित

 

VAISHALI DESK –  वैशाली जिले के लालगंज थाना के थानाध्यक्ष संतोष कुमार और दरोगा सुमन झा को निलंबित कर लाइन हाजिर किया गया है. उन पर चोरी के एक मामले में जब्त किए गए आभूषण और नकदी को छिपाने का आरोप है. कार्रवाई की पुष्टि वैशाली एसपी ललित मोहन शर्मा ने की है. यह मामला सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आया था. एसडीपीओ ने बताया कि थानाध्यक्ष संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बिलनपुर गांव में रामप्रीत सहनी के घर में चोरी का काफी सामान रखा है और कई लोग उसका बंटवारा कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. पुलिस बल के साथ बिलनपुर निवासी रामप्रीत सहनी के घर पर छापेमारी की गई. पुलिस वाहन देखते ही पांच से छह अपराधी मौके से फरार हो गए.

Add

हालांकि, पुलिस उन्हें पकड़ने में असफल रही लेकिन छापेमारी के दौरान पुलिस ने रामप्रीत सहनी की पत्नी को हिरासत में लिया. पूछताछ में रामप्रीत सहनी की पत्नी ने बताया कि उसका पति अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर लालगंज थाना क्षेत्र के गंज इलाके में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देता रहा है. पुलिस के अनुसार, हाल ही में गंज में हुई चोरी के मामले में गृहस्वामी द्वारा चोरी की गई सामग्रियों की पहचान कर ली गई है. अन्य बरामद सामग्रियों की पहचान प्रक्रिया अभी जारी है.

हालांकि, आरोपी रामप्रीत सहनी के रिश्तेदार गेना लाल सहनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गेना लाल सहनी के अनुसार, पुलिस ने चोरी के आरोप लगाकर घर में घुसकर छापेमारी की और 50 से 60 लाख रुपये नकद, 2 किलोग्राम सोना और 6 किलोग्राम चांदी ले गई, जिसे पुलिस ने कहीं भी जब्त सूची में नहीं दिखाया. उन्होंने दावा किया कि गांव के लोगों ने पुलिस को सामान ले जाते देखा था. अब पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच कर रही है.

Loading

71
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़