देश का सबसे विशाल शिवलिंग 45 दिनों की ऐतिहासिक यात्रा के बाद आज पहुंचा गोपालगंज ; दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

 

 

GOPALGANJ DESK – गोपालगंज से इस वक्त आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति से जुड़ी एक ऐतिहासिक और अत्यंत खास खबर सामने आ रही है. पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापना के लिए देश का सबसे विशाल शिवलिंग अब गोपालगंज जिले में प्रवेश कर चुका है. करीब 45 दिनों की लंबी, जटिल और ऐतिहासिक यात्रा तय कर यह भव्य शिवलिंग चेन्नई से बिहार पहुंचा है. फिलहाल यह उत्तर प्रदेश–बिहार सीमा पर स्थित गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 के बलथरी चेकपोस्ट पर खड़ा है, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है.

Add

करीब ढाई सौ टन वजनी यह विशाल शिवलिंग विशेष रूप से डिजाइन किए गए भारी-भरकम ट्रक पर लादकर लाया गया है. जैसे ही शिवलिंग के बलथरी पहुंचने की सूचना फैली, गोपालगंज सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे. शिवलिंग के समीप टेंट लगाकर लगातार भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है. पूरा इलाका “हर-हर महादेव” के जयकारों से भक्तिमय हो गया है. श्रद्धालुओं का कहना है कि सड़क मार्ग से भगवान शिव के इतने विराट स्वरूप का साक्षात दर्शन जीवन में बार-बार नहीं मिलता.

इधर, शिवलिंग के सुरक्षित परिवहन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. संयुक्त वजन अत्यधिक होने के कारण कोई भी जोखिम नहीं लिया जा रहा है. आगे की यात्रा से पहले पूरे रूट का तकनीकी निरीक्षण कराया जा रहा है, जिसमें सड़कों की मजबूती, चौड़ाई, तीखे मोड़ और खासकर गंडक नदी पर बने डुमरिया पुल की भार क्षमता का विशेषज्ञों द्वारा आकलन किया जा रहा है.


इसी क्रम में गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित स्वयं बलथरी चेकपोस्ट पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने शिवलिंग के साथ यात्रा कर रही तकनीकी टीम से विस्तार से बातचीत की. डीएम ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी सुरक्षा मानकों की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक शिवलिंग को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धा और सुरक्षा दोनों सर्वोपरि हैं. पूरी तैयारी और अंतिम मंजूरी के बाद ही यह ऐतिहासिक शिवलिंग अपने अंतिम गंतव्य केसरिया स्थित विराट रामायण मंदिर की ओर रवाना होगा.

Loading

71
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़