
CHHAPRA DESK – दहेज मुक्त विवाह और दहेज को लेकर चाहे जितना भी प्रचार-प्रसार किया जाए, लेकिन दहेज हत्या पर अंकुश नहीं लग पा रहा है. ताजा मामला सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां 8 महीने पहले ब्याही गई अंजलि की ससुराल में संदेहास्पद मौत हुई है. अंजलि के गले पर फंदे का निशान भी पाया गया है. उसकी मौत का कारण फांसी लगना बताया गया है. मायके वालों का आरोप है कि फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी गई है. अब यह जांच का विषय है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए फांसी लगाकर उसकी हत्या की है या उसके द्वारा खुदकुशी की गई है. लेकिन, शादी के 8 महीने में कोई खुदकुशी कैसे कर सकता है,

यह भी सोचनीय विषय है ? मृत नवविवाहिता जिले के परसा थाना क्षेत्र के अंजनी गांव निवासी गौतम साह की 19 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी बताई गई है. जो कि गड़खा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. इस घटना की सूचना मिलते ही उसके मायके वाले गड़खा से परसा पहुंचे, जहां उनकी शिकायत के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे मायके वालों को सौंप दिया गया है. वहीं इस घटना के बाद ससुराल वाले फरार हो गए हैं.

इस संबंध में मृतका के मायके वालों ने पोस्टमार्टम के दौरान बताया कि 8 महीने पहले उनके द्वारा अंजलि की शादी हिंदू रीति-रिवाज से परसा थाना क्षेत्र निवासी गौतम साह के साथ की थी. शादी के बाद वे लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज के लिए ही उन लोगों के द्वारा फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी गई है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. इस संबंध में पूछे जाने पर परसा थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. फिलहाल परिवार वालों का फर्द बयान नहीं हो सका है. फर्द बयान के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.

![]()

