
CHHAPRA DESK – सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज आयुष्मान भारत योजना के तहत डिस्ट्रिक्ट एमपैनेलमेंट कमिटी की बैठक आहुत की गई. बैठक में एक निजी अस्पताल को पैनल में शामिल करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया. समिति द्वारा उक्त अस्पताल को फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र , क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत निबंधन को अद्यतन करने एवं अन्य कमियों को दूर करने के लिये एक माह का समय दिया गया. अनुपालन के उपरांत पुनः समिति की बैठक आयोजित कर निर्णय लिया जायेगा.

वर्त्तमान में आयुष्मान भारत के पैनल में सारण जिला के 18 निजी अस्पताल एवं 11 सरकारी अस्पताल, कुल 29 अस्पताल शामिल हैं. आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत सारण जिला में अबतक 13 लाख 47 हजार 212 पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है. जिला में 70 वर्ष या इससे अधिक आयु वाले 14769 लाभार्थियों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड निर्गत किया गया है. सारण जिला में अबतक लगभग 9 हजार पात्र लाभार्थियों का सरकारी अस्पतालों में तथा लगभग 85 हजार लाभार्थियों का निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज किया गया है.

आयुष्मान भारत योजना के तहत सारण जिला के 2216696 लोगों का आभा कार्ड निर्गत किया जा चुका है.
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत लगभग 500 से अधिक निजी नर्सिंग होम, क्लिनिक, पैथोलॉजी सेंटर एवं दवा दुकानों को इस योजना से अब तक निबंधित किया गया है.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी, चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीसी आयुष्मान भारत सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.

![]()

