
GOPALGANJ DESK – गोपालगंज में “प्रशासन” लिखी गाड़ी से कानून का डर दिखाने की कोशिश करने वालों का असली चेहरा आखिरकार बेनकाब हो गया. नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित ब्रह्मस्थान के समीप हुई हवाई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक न्यायालय कर्मी और एक पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जो कि सारण जिला के अकिलपुर थाना में पोस्टेड है. इस खुलासे के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. घटना शाम की है, जब “प्रशासन” लिखी एक स्कॉर्पियो इलाके में पहुंची और अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी गई. गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी में सवार लोग शराब के नशे में थे और रौब जमाने की नीयत से फायरिंग कर रहे थे. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला गंभीरता से लिया गया. शुरुआत में इसे अज्ञात बदमाशों की करतूत माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला मोड़ आया. गिरफ्तार पहला आरोपी पंकज कुमार है, जो व्यवहार न्यायालय के उत्पाद कोर्ट का पूर्व पेशकार और वर्तमान में एसडीएम कोर्ट में कार्यरत बताया जा रहा है. दूसरा आरोपी आशीष कुमार है, जो सारण जिले के अकीकपुर थाने में सबइंस्पेक्टर के पदस्थापित है और पूर्व में गोपालपुर थाना में थानाध्यक्ष रह चुका है. एक वर्दीधारी का नाम सामने आने से मामला और भी संवेदनशील हो गया है.

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.नगर थानाध्यक्ष खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं.सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है.अन्य पहलुओं की जांच जारी है. घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में आक्रोश भी है. पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं. चाहे सरकारी कर्मचारी हो या पुलिस अधिकारी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है.

![]()

