करंट की चपेट में आने से किसान की मौत ; परिवार में लगा रोना-पीटना

करंट की चपेट में आने से किसान की मौत ; परिवार में लगा रोना-पीटना

CHHAPRA DESK –  सारण जिला अंतर्गत दाउदपुर थाना क्षेत्र के सरखेलपार गांव में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई. मृत किसान स्थानीय निवासी 60 वर्षीय दुर्गा यादव बताये गये हैं. करंट लगने से मौत की सूचना मिलते ही परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों के अनुसार दुर्गा यादव प्रतिदिन की तरह खेत पर गए थे. उसी दौरान खेत में पटवन के लिए लगाए गए निजी नलकूप तक जाने वाली विद्युत लाइन का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा था, जिसमें करंट प्रवाहित था. पटवन के पानी और घास-फूस के कारण तार स्पष्ट नहीं दिखा, जिससे वे उसकी चपेट में आ गए.

Add

घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ इरफान अहमद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर एकमा थाने की डायल 112 व दाउदपुर पुलिस एकमा सीएचसी पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के सबसे छोटे पुत्र संजय कुमार यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के एकमात्र भरण-पोषणकर्ता थे. उनको तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है.

परिजन अब पूरी तरह से आर्थिक संकट में आ गए हैं. वहीं शीतलपुर पंचायत के जयप्रकाश पांडेय ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से कई विद्युत तार जर्जर एवं लटके हुए हैं, लेकिन विभाग द्वारा आज तक सुधार नहीं किया गया. लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई तथा तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Loading

67
Accident E-paper ब्रेकिंग न्यूज़