CHHAPRA DESK – छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित मालखाना चौक के समीप दिनदहाड़े बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने का चेन झपट लिया. वह महिला चीखती-चिल्लाती रह गई, तब तक उचक्के बाइक से फरार हो गये. पीड़ित महिला जलालपुर थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी रविंद्र सिंह की पत्नी वीणा देवी बताई गई हैं. वहीं इस घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ प्रारंभ किया. इस संबंध में पीड़ित महिला ने बताया कि वह आंख का इलाज कराने छपरा आई थीं और अपनी बेटी के साथ मालखाना चौक पर एक सब्जी दुकान के पास खड़ी थीं.

उसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली और तेजी से फरार हो गये. घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी निकल चुके थे. वहीं एक टेम्पो चालक ने बताया की अपराधी काफी देर से उस महिला की रेकी कर रहे थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार घटनास्थल के समीप ही ईद के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. वहीं मालखाना चौक से सटे ही एसएसपी आवास भी है, लेकिन बदमाश इस घटना को अंजाम देने में सफल रहे हैं.

एसएसपी आवास के पास इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं पीड़ित महिला द्वारा भगवान बाजार थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया की जा रही थी. इस संदर्भ में पूछे जाने पर भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि पहचान हो सके.

![]()

