इंटर परीक्षा परिणाम में बेटियों का दबदबा ; तीनों संकायों में टॉपर्स ने रचा इतिहास

इंटर परीक्षा परिणाम में बेटियों का दबदबा ; तीनों संकायों में टॉपर्स ने रचा इतिहास

CHHAPRA DESK –  सारण जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी उत्कृष्ट रहा, जहां कला, वाणिज्य और विज्ञान तीनों संकायों में छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया. खास बात यह रही कि इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया.

कला संकाय में रौशनी बनीं टॉपर

कला संकाय में विशेश्वर सेमिनरी इंटर कॉलेज, छपरा की छात्रा रौशनी कुमारी ने 475 अंक (95.00%) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया. दूसरे स्थान पर शंकर दयाल सिंह बालिका उच्च विद्यालय, सनवरी (जलालपुर) की सिंकू कुमारी रहीं, जिन्हें 470 अंक (94.00%) प्राप्त हुए. वहीं तीसरे स्थान पर सी.एन.पी.जी. हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, बेनौत की रीमा कुमारी ने 469 अंक (93.80%) हासिल किए.

वाणिज्य संकाय में नीलू परवीन अव्वल

वाणिज्य संकाय में एसटीडी कॉलेज, घुरापाली की छात्रा नीलू परवीन ने 459 अंक (91.80%) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया. दूसरे स्थान पर राजेंद्र कॉलेजिएट, छपरा की जूली कुमारी रहीं, जिन्हें 454 अंक (90.80%) मिले। तीसरे स्थान पर राजपूत इंटर कॉलेज, छपरा की तनया तुषार ने 447 अंक (89.40%) के साथ जगह बनाई.

Add

विज्ञान संकाय में दो छात्रों ने साझा किया पहला स्थान

विज्ञान संकाय में उच्च माध्यमिक विद्यालय, बंगरा के प्रणव कुमार और अमनौर सरकारी इंटर कॉलेज के परवेज आलम ने 468 अंक (93.60%) प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया. दूसरे स्थान पर जे.डी. प्रोजेक्ट महिला इंटर स्कूल, परसौना की प्रेमसुधा शर्मा रहीं, जिन्हें 467 अंक (93.40%) प्राप्त हुए. तीसरे स्थान पर एमआर दास हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, बहुआरामठ की दीपशिखा कुमारी और राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, मढ़ौरा (मशरक) की अनु कुमारी ने 466 अंक (93.20%) के साथ संयुक्त रूप से स्थान पाया.

बेटियों ने बढ़ाया जिले का गौरव

इस वर्ष के परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने अधिकांश शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. शिक्षकों और अभिभावकों ने छात्रों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे जिले के शैक्षणिक माहौल के लिए सकारात्मक संकेत बताया.

Loading

67
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़ शिक्षा