CHHAPRA DESK – छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मेहिया गांव के समीप सड़क हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई. जिसे आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. मृतका की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के भटवालिया गांव निवासी मंटू सिंह की 20 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है. वहीं घायल युवती सुरेश सिंह की 20 वर्षीय पुत्री मुन्नी कुमारी बताई जाती है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बहने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नया नगरी मोहल्ले में रहकर पढ़ाई करती थीं. बताया जा रहा है कि नवरात्रि के अवसर पर वे पास के मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं. पूजा कर लौटने के दौरान तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना मे खुशी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मुन्नी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई.

घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया. वहीं मुन्नी की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल मे पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. समाचार प्रेषण तक शव का पोस्टमार्टम कराए जाने को लेकर प्रक्रिया जारी थी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.

![]()

