
CHHAPRA DESK – बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित वर्ष 2026 के मैट्रिक परीक्षा परिणाम में सारण जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले का मान बढ़ाया है. खास बात यह रही कि जिले के तीन मेधावी छात्रों ने राज्य स्तर पर टॉप-10 में स्थान हासिल कर शिक्षा जगत में नई मिसाल पेश की है. इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सारण जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. सारण के बनियापुर प्रखंड के हरपुर छतवा गांव निवासी राकेश राय के पुत्र अमित कुमार ने 484 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में सातवां स्थान हासिल किया है. ग्रामीण परिवेश से आने वाले अमित ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया. वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चौरावा के छात्र हैं. अमित का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना है.

वहीं, मांझी प्रखंड के बरेजा गांव निवासी मनीष कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 483 अंक प्राप्त कर राज्य में आठवां स्थान हासिल किया है. मनीष की इस सफलता से उनके गांव और प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कोचिंग संस्थान को दिया है. इसी कड़ी में छपरा शहर के दौलतगंज रतनपुरा की रहने वाली शताक्षी मित्तल ने भी 483 अंक हासिल कर आठवां स्थान प्राप्त किया है. वह गाजी गांधी उच्च विद्यालय की छात्रा हैं.

शताक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को देते हुए भविष्य में यूपीएससी की तैयारी कर देश सेवा का लक्ष्य निर्धारित किया है. तीनों प्रतिभाशाली छात्रों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. जिले के शिक्षा प्रेमियों और आम लोगों ने इन छात्रों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

![]()

