मुख्यमंत्री सात निश्चय–3 : अब गांव में ही मिलेगा आधुनिक इलाज ; सारण के 5 सीएचसी बनेंगे मॉडल हेल्थ सेंटर

मुख्यमंत्री सात निश्चय–3 : अब गांव में ही मिलेगा आधुनिक इलाज ; सारण के 5 सीएचसी बनेंगे मॉडल हेल्थ सेंटर

CHHAPRA DESK- ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में सारण जिले में बड़ा बदलाव होने जा रहा है.  मुख्यमंत्री सात निश्चय–पार्ट 3 के तहत जिले के पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को मॉडल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य गांव और प्रखंड स्तर पर ही मरीजों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो सके। प्रथम चरण में दरियापुर, दिघवारा, अमनौर, मांझी और परसा सीएचसी का चयन किया गया है. इन अस्पतालों को अत्याधुनिक सुविधाओं और उपकरणों से लैस कर ऐसा बनाया जाएगा कि यहां प्रसव से लेकर जटिल सर्जरी तक की सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध हो सकें.

मॉडल प्रसव कक्ष और ऑपरेशन थिएटर का  निर्माण

जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम अरविन्द कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सात निश्चय–पार्ट 3 योजना के अंतर्गत चयनित सीएचसी में प्रसव कक्ष, मातृ एवं स्त्री रोग ऑपरेशन थिएटर तथा जनरल व इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर को अत्याधुनिक बनाया जाएगा. लेबर रूम में ऑटोक्लेव, शैडोलेस लैंप, एलईडी स्पॉट लाइट, सक्शन मशीन, सिरिंज पंप, फीटल डॉप्लर, फोटोथेरेपी यूनिट, रेडिएंट वार्मर, मल्टी पैरामीटर मॉनिटर, एलडीआर बेड, क्रैश कार्ट सहित सभी आवश्यक उपकरण लगाए जाएंगे. इससे सुरक्षित प्रसव के साथ नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल संभव हो सकेगी.

स्त्री रोग और जनरल ओटी में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मातृ एवं स्त्री रोग ऑपरेशन थिएटर में एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, हाइड्रोलिक ऑपरेशन टेबल, डिफिब्रिलेटर, इलेक्ट्रो कॉटरी मशीन, ब्लड वार्मर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, हिस्टेरोस्कोपी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. वहीं जनरल व इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर में भी सभी आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण लगाए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी इलाज किया जा सके.


ग्रामीण मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ

सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया कि इन मॉडल स्वास्थ्य केंद्रों के विकसित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी. प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव होगा. स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में यह योजना अहम साबित होगी. स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि सभी चयनित सीएचसी में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उन्हें जिले के लिए आदर्श मॉडल स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए, ताकि आमजन को सुलभ, सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. मुख्यमंत्री सात निश्चय–3 के तहत शुरू हुई यह पहल सारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में आम लोगों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी.

क्या है योजना का उद्देश्य

मुख्यमंत्री सात निश्चय–3 के अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड कर उन्हें “मॉडल हेल्थ सेंटर” के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसका मकसद है.
• ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना
• जिला मुख्यालय पर मरीजों का दबाव कम करना
• मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना
• आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना

Loading

77
E-paper ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति