
CHHAPRA DESK – सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज खनुआ नाला, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज कार्य एवं जल निकासी की वर्त्तमान व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में शहर के रूपगंज स्थित आईपीएस 1 एवं पास के स्लुइस गेट का निरीक्षण किया. स्लुइस गेट की प्राथमिकता से मरम्मती कराने का निर्देश दिया गया. खनुआ नाला के निर्मित भाग एवं आईपीएस 1 के बीच के लगभग 50 मीटर के गैप में पक्का नाला निर्माण हेतु इसे स्कोप में शामिल कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया. आईपीएस एवं एसटीपी वर्षा ऋतु में भी क्रियाशील रहे, इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिसके लिए आवश्कतानुसार जाली/फ़िल्टर लगाने को कहा गया. वहीं छोटा तेलपा में नाले की अच्छे से उड़ाही सुनिश्चित कराने को कहा गया. जहां कलवर्ट पर क्षतिग्रस्त स्लुइस गेट के पुनर्निर्माण के लिये कार्रवाई करने को कहा गया.

वहीं तेलपा ग्रिड के निरीक्षण के क्रम में बताया गया कि ग्रिड की आरसीसी चहारदीवारी के निर्माण के लिये निविदा प्रक्रियाधीन है. साथ ही पास के पावर सब स्टेशन के अपलिफ्टमेंट के लिये भी प्रस्ताव भेजा गया है. साथ ही भिखारी ठाकुर चौक के पास दोनों तरफ नाले की गहरी उड़ाही कराने तथा सड़क ने नीचे के भाग की भी आरसीडी से अनापत्ति प्राप्त कर अच्छे से सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. वहीं जटही पोखरा के तरफ के जल निकासी संरचना के अतिक्रमण हटाने के लिये अंचलाधिकारी सदर छपरा को प्राथमिकता से कार्रवाई का निदेश दिया गया. गड़खा ढाला के पास नाले की अच्छे से उड़ाही सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया.

कारिंगा में तेल नदी तक नाले की गहरी उड़ाही सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. इस कार्य को मनरेगा के माध्यम से कराने के लिये उपविकास आयुक्त को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया. डीएम ने कहा कि छपरा शहर के ड्रेनेज एवं इससे संबंधित अतिक्रमण को लेकर ड्रोन सर्वे कराया गया है. इस संबंध में फिर से नगर निगम के साथ बैठक कर अग्रेत्तर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. इस अवसर पर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, कार्यपालक अभियंता आरसीडी, परियोजना निदेशक बुडको, अंचलाधिकारी सदर छपरा सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

![]()

