
CHHAPRA / SIWAN DESK – बीपीएससी की सहायक शिक्षा पदाधिकारी परीक्षा के दौरान छपरा शहर में नकल के हाईटेक तरीके का खुलासा हुआ है. नकल करते एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया है. जिसके स्लीपर में ब्लूटूथ डिवाइस लगा हुआ था और वह नकल कर रहा था. गिरफ्तार युवक की पहचान सिवान जिला निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है, जो अपने दोस्त के स्थान पर परीक्षा देने के लिए छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित साधु लाल स्कूल केंद्र पर बैठा था. जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसआई उपेंद्र मांझी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच कर रहे थे.

उसी क्रम में रोहित कुमार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. जब उसकी सघन जांच की गई तो उसके पास से हाईटेक नकल उपकरण बरामद किया गया. उसने चप्पल के अंदर एक पूरा डिवाइस सिस्टम सेट कर रखा था और कान में ब्लूटूथ लगाकर बाहरी व्यक्ति से उत्तर प्राप्त कर रहा था. यह डिवाइस वन-वे सिस्टम पर काम कर रहा था, जिसमें बाहर से जानकारी उसे सुनाई दे रही थी, जबकि वह खुद कुछ बोल नहीं पा रहा था. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि यह उपकरण उसने समस्तीपुर से मंगाया था. इस मामले में
नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से भी लिखित आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई है.

![]()

