तिलक समारोह में विवाद के बाद खूनी संघर्ष ; युवक की चाकू घोंपकर हत्या

तिलक समारोह में विवाद के बाद खूनी संघर्ष ; युवक की चाकू घोंपकर हत्या

CHHAPRA DESK- सारण जिला के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी गांव में बीती रात तिलक समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामूली विवाद में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के सरयुगपार गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र बीरबल प्रसाद के रूप में हुई है. वह रिश्ते में फुफेरी बहन का तिलक समारोह में गया था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरी निवासी महंथ दास के पुत्र का तिलक समारोह छपरा के नेवाजी टोला से आया था. तिलक की रस्म पूरी होने के बाद मेहमान भोजन कर रहे थे. उसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए तिलक में आए लोग और कुछ ग्रामीण पास के एक मकान में चले गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी दौरान गांव के युवक रोहित और बीरबल प्रसाद के बीच बारिश में भीगने को लेकर कहासुनी हो गई. बताया जाता है कि रोहित ने भीग जाने की बात कही, जिस पर बीरबल ने कहा कि सभी लोग बारिश में भीगे हैं. इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रोहित ने चाकू से बीरबल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के भाई शंकर दास भी हमले में जख्मी हो गए. उनका उपचार तरैया रेफरल अस्पताल में चल रहा है. वहीं गंभीर रूप से घायल बीरबल को पहले रेफरल अस्पताल तरैया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया था.

आज गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा-2 एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु, थानाध्यक्ष धीरज कुमार, अपर थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की. वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए. घायल शंकर दास के बयान पर तरैया थाना में रोहित सहित तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस मामले में थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है.

Loading

11
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़