CHHAPRA DESK – सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में एक महिला समेत तीन व्यक्ति की मौत हुई है. एक महिला एवं एक व्यक्ति की मौत जहां सड़क दुर्घटना में हुई है, वही एक अधेड़ की मौत करंट लगने से हुई है.

जिले के अमनौर थाना अंतर्गत अगुआन गांव के समीप एक महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई. हालांकि उसे गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है. मृत महिला की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर अगुआन गांव निवासी राजकुमार राम की 52 वर्षीय पत्नी प्रभावती देवी के रूप में की गई है. इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया है.

जबकि दूसरी घटना जिले के मढ़ौरा थाना अंतर्गत इसरौली गांव से सामने आई है, जहां करंट लगने से अचेत एक अधेड़ व्यक्ति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृत व्यक्ति अमनौर थाना क्षेत्र के इसरौली गांव निवासी लोकनाथ शर्मा का 45 वर्षीय पुत्र नंदकिशोर शर्मा बताया गया है. सदर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत के बाद वहां मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया है.

जबकि, तीसरी घटना जिले के एकमा थाना अंतर्गत मांझी-बरौली मार्ग पर घटी, जहां अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार किराना व्यवसायी की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई. मृत व्यवसायी की पहचान जिले के एकमा थाना अंतर्गत हेकाम गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के 50 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार सिंह के रूप में की गई है. वह गांव में ही किराना दुकान चला कर अपने घर परिवार का भरन-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लगा हुआ है. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है. वहीं ट्रक को जब्त कर थाना लाया गया है.

![]()

