
CHHAPRA DESK – सारण जिला के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोदाईबाग गांव में डबल मर्डर का मामला प्रकाश में आया है. दोनों ही हत्या ससुराल वालों के द्वारा की गई है. मृत दोनों महिला देवरानी-जेठानी बताई गई है. दोनों महिला की मौत संदिग्ध बताई जा रही है. ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. वहीं मायके वालों का कहना है कि दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई है. उनका आरोप है कि दहेज व प्रताड़ना के लिए यह हत्या की गई है. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है, जहां मेडिकल बोर्ड का गठन कर शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि उनके घर के सामने ही बरात आया था और सभी पुरुष बरात में गए थे और दोनों महिला और सास घर ही थी. जहां घटना के बाद सभी स्वजन घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. मृत देवरानी जेठानी प्रीति कुमारी व ज्योति कुमारी बताई गई है.

अमनौर की रहने वाली है प्रीति तो परसा की रहने वाली है ज्योति
पूरा मामला खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग गांव से सामने आया है. मृत महिला स्थानीय खोदाईबाग गांव निवासी मोहन सिंह की 27 वर्षीय पत्नी ज्योति कुमारी तथा नागा सिंह की 22 वर्षीय पत्नी प्रीति कुमारी बताई जाती है. दोनों मृतिका सगे भाई की पत्नी हैं. ज्योति परसा थाना क्षेत्र के मारड़ गांव निवासी उपेंद्र सिंह की पुत्री एवं प्रीति अमनौर थाना क्षेत्र के गोसी अमनौर निवासी मधुसूदन प्रसाद की पुत्री बताई गई है.

गांव में भी पारिवारिक कलह की चर्चा
इस घटना के बाद गांव में लोग यह चर्चा है कि उस परिवार में प्रायः लड़ाई-झगड़ा हुआ करते थे और पारिवारिक कलह के कारण ही यह घटना घटित हुई है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंच सकेगी.

मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
देवरानी जेठानी की मौत को संदिग्ध मानते हुए जिला प्रशासन के द्वारा उनके पोस्टमार्टम को लेकर सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. मेडिकल बोर्ड के द्वारा ही शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी. पूरा मामला क्या है ? यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही खुलकर सामने आ सकेगा.

![]()

