
PATNA / CHHAPRA DESK – बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सबका सम्मान, जीवन आसान” के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान हेतु आज माननीय मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी द्वारा पटना में आयोजित कार्यक्रम में “सहयोग हेल्पलाइन 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” का शुभारंभ किया गया. इस कार्यक्रम का जिला में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया. सारण जिला मुख्यालय में प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार, डीआईजी नीलेश कुमार, जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, आयुक्त के सचिव संजय कुमार लाइव कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे. सहयोग हेल्पलाइन 1100 प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक संचालित रहेगी,

जहां आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. इसके अतिरिक्त नागरिक “सहयोग पोर्टल” sahyog.bihar.gov.in पर कभी भी ऑनलाइन परिवाद/आवेदन दर्ज कर सकेंगे. ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के माध्यम से आमजन को घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी.पोर्टल पर आवेदन दर्ज होने के उपरांत आवेदक को तत्काल एक रसीद/पावती भी प्राप्त होगी , जिसके माध्यम से वे अपने आवेदन की स्थिति एवं निष्पादन की प्रगति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे. शिकायतों के निष्पादन के उपरांत आवेदक द्वारा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक एवं टिप्पणी भी दर्ज की जा सकेगी, जिससे शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जा सकेगा. राज्य सरकार द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है

कि प्राप्त परिवादों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए तथा परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर निष्पादन की सूचना आवेदक को उपलब्ध कराई जाए. सहयोग पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्राप्ति, निष्पादन एवं मॉनिटरिंग की संपूर्ण प्रक्रिया को प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोर्टल के संचालन, आवेदन निष्पादन की प्रक्रिया एवं मॉनिटरिंग तंत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. जिला प्रशासन, सारण द्वारा आमजन से अपील है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सहयोग हेल्पलाइन एवं सहयोग पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग करें तथा सरकार की इस जनोपयोगी पहल का लाभ उठाएं.

![]()

