
CHHAPRA DESK – सारण जिले में अपराधी बेलगाम होते नजर आ रहे हैं. या तो अपराधी बेखौफ हो चुके हैं या पुलिस का खौफ जाता रहा है. आज जिले में एक महिला एवं एक युवक की जहां गला दबाकर हत्या की गई, वहीं तीसरी वारदात जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है. जहां कार्यालय से घर जा रहे एक राजस्व कर्मचारी को अपराधियों ने रोक कर गोली मार दी. जिसके बाद गंभीर स्थिति में उसे सदर अस्पताल और फिर वहां से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के मोती छपरा नदी पुल के समीप की है. जहां अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार राजस्व कर्मचारी को गोली मारी है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बनियापुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है.

जख्मी युवक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र निवासी मंसूर अंसारी के 40 वर्षीय पुत्र असलम अंसारी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि असलम अंसारी भगवानपुर स्थित अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत है. आज कार्यालय के काम से ही वह भगवानपुर गये थे और वहां से वापस लौटने के दौरान मोती छपरा नदी पुल के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी. गोली युवक के कंधे के नजदीक लगी है और कंधे की हड्डी को तोड़ते हुए आर पार हो चुकी है, जैसा कि सदर अस्पताल में एक्स-रे कराए जाने के बाद ज्ञात हुआ.

वहीं घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गये. वहीं सहजितपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है, हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. इधर गोलीबारी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है.

![]()

