SIWAN DESK – सिवान जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मैरवा थाना क्षेत्र स्थित छठ घाट के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाकर एक अपराधी को पकड़ने का प्रयास किया. जिसके बाद उसके द्वारा पुलिस पर फायरिंग कर दी गई. इस घटना के बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे अपराधी के पैर में गोली मार दी और उसे गिरफ्तार कर लिया. गोली लगने से जख्मी अपराधी की पहचान सिवान जिला के सिसवन थाना अंतर्गत चांदपुर गांव निवासी अंकित सिंह के रूप में की गई है. अंकित के दोनों पैर में गोली लगी है. जख्मी अपराधी को सिवान सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया है. बता दें कि बीते 6 मई को जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ज्वैलरी दुकान से 20 लाख की ज्वैलरी की लूट हुई थी.

जिसका मुख्य आरोपी अंकित कुमार सिंह बताया गया है. पुलिस को सूचना प्राप्त हई कि एक फरार अपराधी उत्तर प्रदेश की तरफ से अपने घर जा रहा है. उक्त सूचना पर सिवान जिला के मैरवा थाना पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. वाहन जांच के दौरान बेदौली मोड़ स्थित छठ घाट के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस टीम को देखते ही उक्त व्यक्ति द्वारा पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ एवं अपराधी को नियंत्रित करने हेतु जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई. घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु सरकारी सुरक्षा के बीच पीएमसीएच, पटना भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.

![]()


