
CHHAPRA DESK – सारण जिला के इसुआपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार स्थित ईश्वर ज्वेलर्स एण्ड बर्तन भंडार का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं बर्तन की चोरी कर ली है. घटना से संबंधित प्रतिष्ठान मालिक शारदानंद प्रसाद ने इसुआपुर थाने में एक लिखित आवेदन दिया है. जिसमें उनके द्वारा बताया गया है कि बीती रात करीब साढ़े आठ बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे. आज सुबह 6:40 बजे जब दुकान पर पहुंचे तो देखा कि गली की ओर वाले शटर का ताला टूटा हुआ है. वहीं दुकान के अंदर जाने पर देखा कि आभूषण रखने वाली आलमारी का ताला तोड़कर उसके दोनों पल्ले अलग कर दिए गए हैं. वहीं नकदी रखने वाला गल्ला भी खाली कर बाहर फेंका हुआ था.

उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान से करीब 15 ग्राम सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के जेवरात तथा पीतल और कांसा के बर्तन चोरी कर लिए हैं. जिसकी अनुमानित मूल्य लगभग नौ लाख रुपये बताई गई है. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि दुकान थाना से महज 300 गज की दूरी पर स्थित है. इसके बावजूद चोरों ने घटना को अंजाम दिया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव ने बताया कि मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड, एफएसएल एवं डीआईयू टीम की मदद ली गई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर लिए जाने की बात कही.

![]()

