सदर अस्पताल के एसएनसीयू में मरीज के परिजन से चोरी ; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सदर अस्पताल के एसएनसीयू में मरीज के परिजन से चोरी ; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

CHHAPRA DESK –  छपरा सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. बीती रात अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) विभाग के बाहर सो रहे एक मरीज के परिजन के साथ चोरी की घटना सामने आई है. चोरों ने युवक के गले से लाकेट और जेब में रखा मोबाइल फोन उड़ा लिया. पीड़ित की पहचान मढौरा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी लालसा देवी के पुत्र के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि उनका नवजात बच्चा एसएनसीयू में भर्ती है, जिसके इलाज के कारण पूरा परिवार अस्पताल परिसर में ही ठहरा हुआ है. बीती रात एसएनसीयू विभाग के बाहर लगे पुराने और खाली बेड पर परिवार के सदस्य सो रहे थे. उसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

 

उन्होंने बताया की घटना के वक्त आसपास गार्ड की ड्यूटी भी लगी थी, बावजूद इसके चोर बेखौफ होकर सामान चोरी करने में सफल रहे. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के गार्ड से सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया. इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि जब अस्पताल परिसर में ही वे सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा. हालांकि, इस मामले में अब तक स्थानीय थाना को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है.

Loading

67
Crime E-paper ब्रेकिंग न्यूज़