
CHHAPRA DESK – सारण जिला के दिघवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल्की गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटकते हुए पाया गया है. हालांकि गांव में ऐसी चर्चा है कि उसके द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किया गया है. लेकिन, यह मामला जांच का विषय है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो पाएगी. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मृत महिला स्थानीय थाना क्षेत्र के मिल्की गांव निवासी राजा ठाकुर की 28 वर्षीय पत्नी खुशबू देवी बताई गई है. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन सदमे में हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, खुशबू देवी के घर में कुछ समय से विवाद चल रहा था और उसी तनाव के बीच उसने फांसी लगाई है. सूचना मिलने पर दिघवारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल प्रारंभ किया.

इस मामले में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा दिख रहा है. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के मायके वालों ने बताया कि उसकी शादी के करीब 6 वर्ष पूरे हुए थे. एक बच्चा भी है लेकिन परिवार में दहेज को लेकर मारपीट किया जाता था. हो न हो उन लोगों के द्वारा फंदा लगाकर उसकी हत्या की गई है. शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है. वहीं जांच जारी है.

![]()

