
CHHAPRA DESK – सारण जिला अंतर्गत अमनौर थाना क्षेत्र के बलहां गाछी स्थित एसएच-104 पर आज बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू का भय दिखाकर एक परिवार से मोबाइल और पर्स लूट लिया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन कथित अपराधियों को हिरासत में ले लिया है. मढ़ौरा डीएसपी ने अमनौर थाना पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की.पी ड़ित बांदे गांव निवासी शहादत हुसैन के पुत्र शमशाद ने बताया कि वह अपने बहनोई और भांजे के साथ मंगलवार की रात कोलकता से पटना पहुंचे. पटना से करीब ढाई बजे से बस द्वारा अमनौर पहुंचे थे. रात में कोई सवारी नहीं मिलने पर तीनों पैदल ही अपने गांव बांदे के लिए निकल पड़े.

बुधवार तड़के करीब तीन बजे जब वे थाना से थोड़ा आगे बलहां चौक गाछी के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार तीन लोग आए और छीना-झपटी करने लगे. विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू का भय दिखा कर मारपीट की और तीनों के मोबाइल, पर्स व अन्य सामान छीनकर फरार हो गए. जिसके बाद उनके द्वारा थाना को सूचना दी गई. घटना की सूचना मिलते ही अमनौर पुलिस हरकत में आई. थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि त्वरित छापामारी कर तीन कथित अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. घटना की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा डीएसपी भी अमनौर थाना पहुंचे और मामले की जांच की. उन्होंने अग्रेतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया. पुलिस लूटे गए सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है.

![]()

