
CHHAPRA DESK – छपरा जंक्शन पर होली पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ बढ़ने के बीच नशाखुरानी गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. प्लेटफार्म संख्या 8 के समीप नशाखुरानी का शिकार हुए एक यात्री को आरपीएफ के जवान अहमद सिद्दीकी और हेमंत कुमार ने बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. वही पीड़ित यात्री की पहचान परसा थाना क्षेत्र के चकसाबाद गांव निवासी पंचम सिंह के 70 वर्षीय पुत्र नायक सिंह के रूप में की गई है. परिजनों ने बताया कि नायक सिंह लुधियाना में मजदूरी का काम करते हैं और होली पर्व के अवसर पर बीते शनिवार की शाम करीब 8:30 बजे ट्रेन से छपरा आ रहे थे.

रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वे बेहोश हो गए और उनका सामान भी गायब बताया जा रहा है. वही परिजनों ने बताया कि अप्रैल माह में घर में शादी तय है, इसी कारण वे छुट्टी लेकर घर आ रहे थे.घटना की सूचना मिलते ही परिवार में रोना पीटना लग गया.फिलहाल चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है और स्थिति स्थिर बताई जा रही है.विदित हो कि होली को लेकर छपरा जंक्शन समेत ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. आरपीएफ, सीआईबी और टास्क टीम की तैनाती के बावजूद नशाखुरानी की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है .

![]()

