SARAN DESK – सारण जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में चार व्यक्ति की मौत हुई है. जिससे चारों परिवारों में मातम छाया हुआ है. जिले के जलालपुर थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई. मृत युवक की पहचान जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के रुदलपुर माधोपुर गांव निवासी तारकेश्वर सिंह के 21 वर्षीय पुत्र अमन कुमार सिंह के रूप में की गई. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे जलालपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हुई है. चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया.

वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
जबकि, दूसरी घटना में जिले के भेल्दी थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर बाइक और एक ठेला चालक के बीच टक्कर में ठेला चालक की मौत गड़खा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान हो गई. मृतक बरेली जिला के कोईलड़िया थाना अंतर्गत गुलरिया लेगराघ गांव निवासी रामपाल के 40 वर्षीय पुत्र वीरपाल के रूप में की गई. बताया जाता है कि वीरपाल छपरा में ठेला से घूम-घूम कर खाद्य पदार्थ बेचा करता था. अनियंत्रित बाइक के धक्के से उसकी मौत उपचार के दौरान हो गई. जिसके बाद उसके साथ काम करने वाले अन्य सहयोगी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.

जबकि, तीसरी घटना में जिले की रिविलगंज थाना अंतर्गत गंगा नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई. मृत बच्चा स्थानीय थाना क्षेत्र के लाला टोला सिताब दियारा निवासी छोटेलाल पासवान का 3 वर्षीय पुत्र सनोज कुमार बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह अन्य बच्चों के साथ खेलने के क्रम में नदी में गिर पड़ा, जिसके कारण डूब कर उसकी मौत हो गई. उसका शव रिंग बांध के समीप से बरामद किया गया. जिसके बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लगा हुआ है.

वहीं, चौथी घटना जिले के तरैया थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां करंट लगने से एक युवक की मौत हुई है. मृत युवक की पहचान तरैया थाना क्षेत्र के डीह छपिया गांव निवासी मुख्तार राय के 23 वर्षीय पुत्र मिथलेश कुमार यादव के रूप में की गई. इस सूचना के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां चारों शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उनके परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया है.

![]()

